नागपुर। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के ‘नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने’ वाले बयान के बाद उठी राजनीतिक अटकलों पर उनके कार्यालय ने स्पष्टीकरण जारी किया है। कार्यालय ने कहा कि गडकरी की टिप्पणी को राजनीतिक संदर्भ में लिया जाना गलत है। उन्होंने यह बात लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के कामकाज और उसके भविष्य के नेतृत्व के संदर्भ में कही थी।
गडकरी ने सोमवार को नागपुर के काटोल में एकलव्य एकल विद्यालय शिक्षक-पर्यवेक्षक प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा था कि वह पिछले 30 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब नई पीढ़ी को काम करने का अवसर दिया जाना चाहिए और पुरानी पीढ़ी उनका मार्गदर्शन करती रहे।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में इसे भविष्य की राजनीति से जोड़कर देखा जाने लगा। इसके बाद गडकरी के कार्यालय ने स्पष्ट किया कि बयान का राजनीति से कोई संबंध नहीं है। कार्यालय के मुताबिक, गडकरी आदिवासी क्षेत्रों में एकल विद्यालय संचालित करने वाले लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट की गतिविधियों और आने वाली पीढ़ी को जिम्मेदारी देने की बात कर रहे थे।
गडकरी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में विकास कार्यों का दायरा और बढ़ेगा। उनका लक्ष्य महाराष्ट्र के आदिवासी गांवों तक बिजली और विकास की सुविधाएं पहुंचाना है।


