दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में आज निकलेगा कैंडल मार्च, कांग्रेस ने किया समर्थन का ऐलान
विशेष संवाददाता, यूथ इंडिया
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कांग्रेस के प्रस्तावित कैंडल मार्च को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बैरिकेडिंग के साथ अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
कांग्रेस ने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कैंडल मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि यह मार्च छात्रों के समर्थन और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आयोजित किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों की सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
उधर, पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


