कमालगंज: शनिवार को कमालगंज थाने में थाना समाधान दिवस का आयोजन गरिमामय माहौल में हुआ। सीओ अमृतपुर राजेश द्विवेदी और थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
इस समाधान दिवस में लगभग एक दर्जन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें ज्यादातर मामले जमीनी विवाद से जुड़े थे। कोहनी नगला, छीता कपूरापुर समेत कई गांवों से ग्रामीण अपनी जमीनों के विवाद लेकर पहुंचे थे।
थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने बताया कि प्राप्त हुई सभी एक दर्जन शिकायतों का जल्द ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। यह सिर्फ कागजी खानापूर्ति नहीं होगी।
इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए 4 मामलों में तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया और विवाद को वहीं सुलझाने का प्रयास किया गया, जबकि शेष बची शिकायतों के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जो जल्द ही गांव-गांव जाकर जांच कर निष्पक्ष समाधान कराएंगी।
जब इंसानियत ने वर्दी से पहले सलाम किया
कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा पल आया जिसने सबका दिल जीत लिया। एक दिव्यांग व्यक्ति आय प्रमाण पत्र के संबंध में लेखपाल से मिलने के लिए थाने आया था, लेकिन उसकी लेखपाल से मुलाकात नहीं हो पा रही थी। वह थाने के गेट पर ही खड़ा था।
उसे देखते ही थाना प्रभारी राम सहाय सिंह अपनी कुर्सी छोड़कर खुद गेट तक पहुंचे और उसकी पूरी बात सुनी। इसके बाद उन्होंने तत्काल फोन पर लेखपाल मोहिनी चौहान से बात की और उसकी समस्या का मौके पर ही समाधान कराया।
वहीं कोहनी नगला निवासी पूरनलाल ने बताया कि वह वर्ष 2025 से अपनी समस्या को लेकर चौकी से लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तक शिकायत कर चुके हैं। इस पर थाना प्रभारी ने उन्हें भी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।


