फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन जिले में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। आठ जनपदों से आए 13,440 अभ्यर्थियों ने जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी। सुबह की पाली में शामिल होने वाले अनेक अभ्यर्थी रविवार देर रात ही फर्रुखाबाद पहुंच गए थे, जिसके चलते बड़ी संख्या में युवाओं को रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर रात गुजारनी पड़ी।
परीक्षा में शामिल होने के लिए ललितपुर, अमरोहा, रामपुर, हरदोई समेत कई जिलों से अभ्यर्थी पहुंचे। रात के समय बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा रहा। कोई परीक्षा की तैयारी करता दिखाई दिया तो कोई खुले स्थान पर आराम करता नजर आया। कई अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी मौजूद रहे, जो पूरी रात उनके साथ रुके रहे।
ललितपुर से अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने पहुंचे राकेश ने बताया कि उन्हें रुकने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं मिली, इसलिए बस स्टैंड पर ही रात बितानी पड़ी। अन्य अभ्यर्थियों ने भी कहा कि उन्हें ठहरने की व्यवस्था की पर्याप्त जानकारी नहीं थी, जिसके कारण सार्वजनिक स्थानों पर ही रुकना पड़ा।
हालांकि जिले के समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए धर्मशालाओं और मंदिरों में ठहरने की व्यवस्था की थी। इन स्थानों पर गद्दे, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को गर्मी और असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके बावजूद जानकारी के अभाव और परीक्षा केंद्रों के नजदीक रहने की मजबूरी के चलते बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने बस अड्डे और रेलवे स्टेशन को ही रात बिताने का सहारा बनाया।
सोमवार सुबह होते ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हो गए। जिले में परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बाहर से आए अभ्यर्थियों की भारी आमद के कारण शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।


