आजमगढ़। फूलपुर क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब पांच बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई। हादसे के समय कार में नौ लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फूलपुर सीओ किरण पाल सिंह के मुताबिक, पंजाब नंबर की स्विफ्ट कार फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रही थी। कार में फूलपुर क्षेत्र के रहने वाले नौ लोग सवार थे। बताया गया कि सभी अलग-अलग परिवारों से थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
पेड़ से टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार के शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला। सत्यम मोदनवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल लकी सोनकर (19), अंश सोनकर (17), अनमोल मोदनवाल (18), किशन मोदनवाल (20), सक्षम बरनवाल (17), अनुराग पांडे और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडे को फूलपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान लकी सोनकर ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में घायल छह लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


