कमालगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार को विकासखंड कमालगंज कार्यालय परिसर में दीप प्रज्ज्वलन एवं रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शील चंद्र राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्र की देखरेख और कुशल व्यवस्थापन की मौजूद लोगों ने सराहना की। उनकी पहल से कार्यालय परिसर में कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर कार्यक्रम की सुंदरता बढ़ाई और दीप जलाकर परिसर को रोशन किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शील चंद्र राजपूत, खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्र, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता योगेंद्र प्रताप सिंह, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण प्रवीन कुमार, वरिष्ठ सहायक अजय कुमार समेत ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास कमालगंज में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रमुख प्रतिनिधि शील चंद्र राजपूत एवं सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण प्रवीन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्रावास परिसर में भी उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से जीवंत बना दिया। अंत में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।


