प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने गुरुवार शाम पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। मुख्य परीक्षा में शामिल 10,284 अभ्यर्थियों में से 2,297 को अगले चरण यानी इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया है। अब चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
पीसीएस-2025 के तहत कुल 814 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें 812 पदों पर चयन मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जबकि दो पदों पर केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन होगा। इन दोनों पदों का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा।
मुख्य परीक्षा 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया में कुल 28 प्रकार के पद शामिल हैं। इंटरव्यू के लिए सफल अभ्यर्थियों के लिए पदों की वरीयता और साक्षात्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की ओर से जल्द जारी की जाएगी।
अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर रोल नंबर के माध्यम से देख सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इंटरव्यू की तारीख और अन्य जरूरी निर्देश भी आगे वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
आयोग ने कुछ परिणामों को न्यायालय में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रखा है। अर्पित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य मामले में याची का परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा। इसी तरह उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों के परिणाम भी संबंधित विशेष अपील में हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगे।
आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कटऑफ अंक अंतिम चयन परिणाम जारी होने के बाद घोषित किए जाएंगे। इस चरण पर प्राप्तांक या कटऑफ की जानकारी के लिए आरटीआई आवेदन नहीं भेजने की सलाह दी गई है।


