– छात्र, छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर लगाए गंभीर आरोप
– प्रधानाध्यापक की गाड़ी का किया घेराव, कार्रवाई की मांग
– प्रधानाध्यापक ने डायल 112 को बुलाया, पहुंचे कोतवाली प्रभारी
गुुरसहायगंज, कन्नौज। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय गुगरापुर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक के खिलाफ छात्र- छात्राओं व उनके परिजनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने विद्यालय का बहिष्कार करते हुए प्रधानाध्यापक की गाड़ी का घेराव किया। वहीं छात्र-छात्राओं के परिजनों ने प्रधानाध्यापक पर भेदभाव, अभद्रता व छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए।
गुरुवार को पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय गुगरापुर में छात्र-छात्राओं ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ प्रदर्शन कर उनकी कार को रोक कर नारेबाजी की। जबकी अभिभावकांे के द्वारा विद्यालय परिसर में लगे हरे पेड़ों को कटवाने का आरोप भी लगाया गया। छात्र छात्राओं का कहना है कि विद्यालय में जातिवाद को बढ़ावा देने सहित कई अन्य मामलों को लेकर उनमें लंबे समय से नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान कई शिक्षक भी छात्रों के समर्थन में नजर आए। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय में लगभग 200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। सुबह विद्यालय पहुंचे छात्र छात्राओं ने कक्षाओं में जाने के बजाय प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं मामले की नजाकत को भांप कर प्रधानाध्यापक ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। जबकि जानकारी मिलते ही गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी अजय कुमार अवस्थी मय पुलिस बल के साथ मौक़े पर पहुंचे और छात्र-छात्राओं व अभिभावकों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। वही छात्र-छात्राओं व अभिभावकों ने उप जिलाधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन देकर प्रधानाध्यापक को हटाए जाने की मांग की। अधिकारियों के कार्रवाई का आस्वासन देने के बाद छात्र, छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त किया।
पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय गुगरापुर में छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन


