सड़क पर अव्यवस्था किसी कीमत पर स्वीकार नहीं, नियम मानने होंगे
कट्टा-बम की पहचान खत्म, अब यूपी ब्रह्मोस मिसाइल और डिफेंस कॉरिडोर के लिए प्रसिद्ध
फेक न्यूज और सनसनी से समाज में अराजकता फैलती है
कानून व्यवस्था और विकास से यूपी बॉटम-2 से निकलकर टॉप-2 राज्यों में पहुंचा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ शब्दों में कहा है कि उत्तर प्रदेश में सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए, सरकार को इससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सड़क रोककर आम लोगों को परेशान करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें आवागमन के लिए होती हैं, किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक रास्तों को बाधित करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि संख्या अधिक है तो शिफ्ट में व्यवस्था बनाई जाए, लेकिन कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा से समझौता नहीं होगा।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा-बम, दंगे और माफिया संस्कृति से होती थी, लेकिन अब प्रदेश ब्रह्मोस मिसाइल, डिफेंस कॉरिडोर, एक्सप्रेस-वे और निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने दावा किया कि कानून व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और सकारात्मक शासन के चलते यूपी देश के टॉप राज्यों में शामिल हुआ है।
उन्होंने कहा कि पहले व्यापारी, शिक्षक और डॉक्टर तक गुंडा टैक्स देने को मजबूर थे, बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, लेकिन अब अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। राह चलती बेटी से छेड़खानी करने वालों की दुर्गति रावण और दुर्योधन जैसी होगी।
सीएम योगी ने फेक न्यूज और सनसनीखेज पत्रकारिता पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गलत खबरें समाज में तनाव और अराजकता पैदा करती हैं, जबकि संवेदनशील और सकारात्मक पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, एमएसएमई और निवेश के क्षेत्र में रिकॉर्ड काम हुआ है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है और लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि नया उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन की नई पहचान बन चुका है।


