38.7 C
Lucknow
Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 21

दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता पर धारदार हथियार से हमला, पति समेत चार पर आरोप

0

 

कायमगंज। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगा दरवाजा स्थित शिवाला मंदिर के पास दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही पति, ननद, जेठ और जेठानी अतिरिक्त दहेज के रूप में चार पहिया वाहन और नकदी की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

आरोप है कि शनिवार रात पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान पति ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला ने किसी तरह अपने मायके पक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और घायल विवाहिता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।

गंगा का बढ़ता जलस्तर बना चिंता का कारण, पांचाल घाट की सात सीढ़ियां जलमग्न

0

 

फर्रुखाबाद। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब गंगा के मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे तटवर्ती क्षेत्रों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। बढ़ते जलस्तर के चलते पांचाल घाट की सात सीढ़ियां पानी में डूब चुकी हैं, जबकि गंगा की तेज धारा किनारों पर कटान भी कर रही है।

सिंचाई विभाग के अनुसार गंगा का जलस्तर बढ़कर करीब 136 सेंटीमीटर तक पहुंच गया है। बीते 48 घंटों में जलस्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। जलस्तर बढ़ने का प्रमुख कारण नरौरा, बिजनौर और हरिद्वार बैराजों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाना बताया जा रहा है। शनिवार को नरौरा से 67,201 क्यूसेक, बिजनौर से 59,688 क्यूसेक और हरिद्वार से 53,403 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसका असर अब फर्रुखाबाद में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

बढ़ते जलस्तर के कारण पांचाल घाट पर स्नान घाटों की कई सीढ़ियां जलमग्न हो गई हैं। घाट पर रहने वाले गंगा सेवकों और पंडों ने पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए अपनी झोपड़ियां, तख्त और अन्य सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। पंडों का कहना है कि पानी उनके तख्तों तक पहुंच गया था, जिसके बाद उन्होंने समय रहते अपना सामान ऊंचे स्थान पर रख लिया।

गंगा की तेज होती धारा से तटवर्ती खेतों में कटान भी तेज हो गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में रहने वाले लोगों पर भी खतरा बढ़ सकता है।

उधर, रामगंगा नदी में भी शनिवार शाम 10,375 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। हालांकि फिलहाल रामगंगा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन जलस्तर में वृद्धि की संभावना बनी हुई है। प्रशासन और सिंचाई विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

धान के खेत में सिंचाई के दौरान किसान की संदिग्ध मौत

0

 

कायमगंज। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अलादादपुर में रविवार देर रात धान के खेत में पानी लगाते समय एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

गांव अलादादपुर निवासी शरद यादव (40) रविवार रात अपने धान के खेत में सिंचाई करने गए थे। उनके भाई रामकुमार उन्हें खेत पर छोड़कर घर लौट आए थे। देर रात तक शरद के घर वापस न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। करीब साढ़े 10 बजे परिजन खेत पर पहुंचे तो शरद पानी में औंधे मुंह पड़े मिले। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया।

ग्रामीणों की मदद से शरद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी सीमा, 12 वर्षीय जुड़वा बेटे विकास और विनय, तथा पुत्री नैना को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।

सूचना मिलने पर कायमगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का ऐतिहासिक स्वागत

0

– कैसरगंज में उमड़ा जनसैलाब

कैसरगंज। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम जनपद आगमन पर कैसरगंज में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने इसे यादगार बना दिया। इस अवसर पर भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर जोरदार स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में भाजपा के झंडों और स्वागत बैनरों से उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं में प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि भाजपा का संगठन आज देश का सबसे मजबूत संगठन है और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में भाजपा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा की शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सेवा, सुशासन और संगठन के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने भी संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में सुनीं जनसमस्याएं

0

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी व्यक्तिगत, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेंशन, भूमि विवाद, चिकित्सा सहायता और अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिले। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराना है।
योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से गरीब, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता के साथ निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

13 जुलाई से अस्थायी रूप से बंद रहेगा RUB-86 अंडरपास, रेलवे करेगा मरम्मत कार्य

0

 

फर्रुखाबाद। शिकोहाबाद–फर्रुखाबाद रेलखंड पर स्थित रेलवे अंडर ब्रिज (RUB-86) को मरम्मत कार्य के चलते 13 जुलाई 2026 से अगली सूचना तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य), फिरोजाबाद कार्यालय ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सूचना दी है।

रेलवे के पत्र के अनुसार, रेल किलोमीटर 1315/4-5 पर स्थित RUB-86, जो बायपास मार्ग को जोड़ता है, पर वियरिंग कोट का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस दौरान पुराने वियरिंग कोट को हटाया जाएगा, जिससे अंडरपास से आवागमन सुरक्षित नहीं रहेगा। यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य ट्रैक की सुरक्षा और अंडरपास की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। निर्माण कार्य को लगभग 25 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य पूर्ण होते ही अंडरपास को आम जनता के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा।
रेलवे ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) का उपयोग करने की सलाह दी है। इस अवधि में स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की स्थिति न बने।
रेलवे प्रशासन ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारियों को भी पत्र भेजकर आवश्यक यातायात व्यवस्था और जनसामान्य को सूचना उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।