कायमगंज। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अलादादपुर में रविवार देर रात धान के खेत में पानी लगाते समय एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
गांव अलादादपुर निवासी शरद यादव (40) रविवार रात अपने धान के खेत में सिंचाई करने गए थे। उनके भाई रामकुमार उन्हें खेत पर छोड़कर घर लौट आए थे। देर रात तक शरद के घर वापस न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। करीब साढ़े 10 बजे परिजन खेत पर पहुंचे तो शरद पानी में औंधे मुंह पड़े मिले। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया।
ग्रामीणों की मदद से शरद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी सीमा, 12 वर्षीय जुड़वा बेटे विकास और विनय, तथा पुत्री नैना को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।
सूचना मिलने पर कायमगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


