36 C
Lucknow
Tuesday, April 28, 2026
Home Blog Page 121

मेरी मां का नाम लेकर राजनीति बंद करें, यह सिर्फ मेरी नहीं, हर महिला का अपमान : अखिलेश

0

 

लखनऊ

महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे मुद्दों के बीच सियासी बयानबाजी अब व्यक्तिगत टिप्पणियों तक पहुंच गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें नसीहत दी है कि राजनीतिक मजबूरियों में किसी की दिवंगत मां का नाम लेकर टिप्पणी करना अनुचित है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि “नारी के सम्मान में आपसे बस इतना आग्रह है कि ऐसी भाषा का प्रयोग न करें।” उन्होंने आगे कहा कि यदि मेयर अपने घर के बुजुर्गों या बच्चों से इस बयान के बारे में पूछेंगी तो उन्हें खुद समझ आ जाएगा कि यह कितना आपत्तिजनक और द्वेषपूर्ण है। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि जब महिलाएं ही महिलाओं का अपमान करेंगी, तो समाज में नैतिकता और सम्मान की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
दरअसल, मेयर सुषमा खर्कवाल ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए बयान दिया था कि अखिलेश यादव ने उस महिला का अपमान किया है “जिसकी कोख से जन्म लिया, जिसकी उंगली पकड़कर चले और जिसकी बेटी के चेहरे से थकान मिटती है।” इस बयान के बाद सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई और अब यह विवाद तूल पकड़ता जा रहा है।
इसी बीच अखिलेश यादव ने अपने आगामी कार्यक्रमों को भी गति दी है। वह 25 अप्रैल को गाजियाबाद में किसानों के साथ सीधा संवाद करने जा रहे हैं, जहां ‘किसान क्यों पीड़ित, क्यों परेशान’ विषय पर चर्चा होगी। इस कार्यक्रम में किसान संगठनों, कृषि विशेषज्ञों और विभिन्न वर्गों के किसानों को आमंत्रित किया गया है, जिसमें गन्ना और आलू किसानों की समस्याओं पर विशेष फोकस रहेगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे गंभीर मुद्दों पर शुरू हुई बहस अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप में बदलती जा रही है, जिससे राजनीतिक माहौल और अधिक गरमाता जा रहा है। आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के आसार हैं, क्योंकि दोनों पक्ष अपने-अपने बयान पर कायम हैं।

त्रिशूर में पटाखा यूनिट में भीषण विस्फोट, 13 की मौत, कई घायल; त्रिशूर पूरम की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा

0

मुंडथिक्कोडु में हुए धमाके से मचा हड़कंप, कई किलोमीटर तक गूंजा विस्फोट; पीएम मोदी ने जताया शोक और राहत राशि की घोषणा

केरल
त्रिशूर जिले के मुंडथिक्कोडु इलाके में मंगलवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब प्रसिद्ध त्रिशूर पूरम उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, जिस पटाखा यूनिट में विस्फोट हुआ वहां बड़ी मात्रा में आतिशबाजी सामग्री रखी हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई।

घटना के समय यूनिट में लगभग 40 लोग काम कर रहे थे। एक राज्य अधिकारी के अनुसार, कुछ कर्मचारी दोपहर का भोजन लेकर आए थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 7 लोग मौके से भागने में सफल रहे, जबकि कई लोग आग और धमाके की चपेट में आ गए।

विस्फोट के बाद पूरे इलाके में घना धुआं और आग फैल गई, जिससे राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतें आईं। घटनास्थल पर अधजले पटाखे और विस्फोटक सामग्री होने के कारण बचाव दल को काफी सावधानी से काम करना पड़ा। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गईं।

प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि हादसे में लगभग 40 लोग घायल हुए थे, जिनमें से कम से कम 5 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि उन्हें लगा जैसे भूकंप आ गया हो। बाद में पता चला कि यह पटाखा यूनिट में हुआ विस्फोट था।

घटना के बाद प्रशासन ने इलाके को पूरी तरह घेर लिया है और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा कारणों से आसपास के क्षेत्रों को खाली कराया गया और राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

इस बीच, प्रशासन ने पटाखा निर्माण इकाइयों में सुरक्षा मानकों की गंभीर जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक सामग्री के भंडारण और सुरक्षा नियमों की अनदेखी इस हादसे का कारण हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पटाखा उद्योग में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टायर फटने से पलटा मैजिक लोडर, दो की मौत, दो घायल

0

 

शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जरावन जसनपुर पुलिया के पास उस समय हुआ, जब सब्जियों से भरा एक मैजिक लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी के अनुसार, जलालाबाद से कांट की ओर आ रहा मैजिक लोडर पुलिया के पास पहुंचते ही हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन का अगला बायां टायर अचानक फट गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। इसके बाद लोडर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में बबौरी निवासी रामप्रकाश (44) पुत्र गिरवर और खपटी निवासी खुशीराम (60) पुत्र मकरंद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।वहीं रतनापुर निवासी धर्मेन्द्र (40) पुत्र राजेन्द्र और करमौली निवासी रामदास (50) पुत्र मुरली इस हादसे में घायल हो गए। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक भूपेन्द्र पुत्र ब्रजपाल निवासी करमौली था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

शादी में जा रहे किसान की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

0

Kampil।
कंपिल क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां शादी में शामिल होने जा रहे एक किसान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्वजन बिलख उठे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव हरकरनपुर निवासी लगभग 50 वर्षीय शिवपाल जाटव मंगलवार सुबह शाहजहांपुर जनपद के गांव मिर्जापुर में अपने साढ़ू की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए घर से निकले थे।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे कलान (शाहजहांपुर) मार्ग पर एक टेंपो की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें शिवपाल जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कलान पहुंचाया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजन रो-रोकर बेहाल हो गए और तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हो गए।
मृतक शिवपाल जाटव खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में चार पुत्र—उमेश, लंकुश, रमन, दुर्वेश—और एक पुत्री सुखरानी हैं। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है।

खागा में चाय दुकान विवाद के बाद सियासी माहौल गर्माया

0

फतेहपुर
खागा तहसील क्षेत्र के चौकी चौराहे पर स्थित एक मशहूर चाय दुकान पर ग्राहक और दुकानदार के बीच हुए विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुई मारपीट की घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया, जिसके बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
घटना के बाद मंगलवार शाम करीब 4 बजे समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश सचिव जगनायक सिंह के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने अल्पसंख्यक समुदाय के साथ एक बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में फैले तनाव को कम करना और स्थिति को नियंत्रित करना बताया गया। बैठक में नेताओं ने लोगों को समझाने और शांति बनाए रखने की अपील की।
इस बैठक में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक मोहम्मद सफीर, पूर्व जिलाध्यक्ष वलीउल्ला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह बैठक हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के अफोई और मोहम्मदपुर गौती गांव में आयोजित की गई, जहां सैकड़ों की संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रदेश सचिव जगनायक सिंह ने बैठक के दौरान कहा कि क्षेत्र में किसी प्रकार का हिंदू-मुस्लिम विवाद नहीं है और कुछ लोग जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ तत्व इस घटना को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला फूंकने वाले लोग पार्टी से जुड़े नहीं हैं।
सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पुतला फूंकने की घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनका पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इशारों में भाजपा के पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह पर भी आरोप लगाए और कहा कि उनके समर्थकों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष वलीउल्ला ने कहा कि अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग अब पहले से अधिक जागरूक हो चुका है और उन्हें किसी भी तरह से गुमराह नहीं किया जा सकता। पूर्व विधायक मोहम्मद सफीर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जब अल्पसंख्यकों पर कार्रवाई हुई थी तब कोई सामने नहीं आया, लेकिन अब राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को उठाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले कुछ लोग भाजपा से जुड़े हैं, जिनके सोशल मीडिया प्रमाण मौजूद हैं।

असोथर में सड़क हादसा, जीजा-साला गंभीर रूप से घायल

0

 

फतेहपुर
असोथर थाना क्षेत्र में मटिहा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार जीजा और साला गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, थरियांव थाना क्षेत्र के जयचंदापुर गांव निवासी 30 वर्षीय सोनू अपने साले महेंद्र (28), जो खागा कोतवाली क्षेत्र के जैदपुर गांव के रहने वाले हैं, के साथ दोपहर में बाइक से किसी काम के लिए निकले थे। दोनों सामान्य रूप से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान जब उनकी बाइक असोथर थाना क्षेत्र के मटिहा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को असोथर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज जारी है। परिजनों ने घटना को लेकर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा है और मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।