कासगंज
जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाए हैं। जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब सभी परिषदीय और निजी विद्यालयों में सुबह 9 बजे के बाद किसी भी प्रकार की आउटडोर गतिविधियों पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। यह निर्णय बच्चों को तेज धूप और लू के खतरनाक प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों में प्रार्थना, खेलकूद और अन्य बाहरी गतिविधियां सुबह 9 बजे से पहले ही संपन्न करा ली जाएं। इसके साथ ही स्कूलों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि परिसर में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो, कक्षाओं में पंखे सही ढंग से कार्य कर रहे हों और बच्चों के बैठने के स्थान पर पर्याप्त छाया उपलब्ध हो।
इसके अलावा सभी विद्यालयों में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है, ताकि यदि किसी बच्चे में लू लगने या गर्मी से संबंधित लक्षण दिखाई दें तो तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जा सके। प्रशासन ने शिक्षकों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं कि यदि किसी छात्र को चक्कर, उल्टी, सिरदर्द या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो, तो उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया जाए।
अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनाकर स्कूल भेजें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी और जरूरी सुरक्षा उपायों का ध्यान रखें। प्रशासन का मानना है कि इन सावधानियों के जरिए बच्चों को भीषण गर्मी के दुष्प्रभाव से काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है।


