नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम 4 बजे राजधानी दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री के हालिया विदेश दौरे से लौटने के तुरंत बाद बुलाई गई इस बैठक को राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। बैठक में केंद्र सरकार की आगामी रणनीतियों, विकास योजनाओं और विभिन्न मंत्रालयों के कार्यों की समीक्षा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में सभी केंद्रीय मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री तथा राज्य मंत्री शामिल होंगे। सरकार की ओर से सभी मंत्रियों को बैठक के मद्देनजर दिल्ली में ही मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि बैठक में देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति, वैश्विक हालात, निवेश, रोजगार, महंगाई नियंत्रण और आगामी राज्यों के चुनावों को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में विदेश दौरे से लौटे हैं, जहां उन्होंने कई देशों के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर भारत के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया था। ऐसे में उनके लौटते ही बुलाई गई यह बैठक सरकार के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को आगामी बड़े फैसलों और नीतिगत घोषणाओं से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
बैठक के दौरान विभिन्न मंत्रालयों की प्रगति रिपोर्ट, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और सरकार की आगामी प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होने की संभावना है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सेवा तीर्थ परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।


