अमृतपुर फर्रुखाबाद
कस्बा अमृतपुर की बदहाल सड़क को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच सोमवार को अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय पाई गई।
मौके पर हालात इतने खराब थे कि सड़क का अस्तित्व लगभग समाप्त हो चुका था और पूरी सड़क पर बस्ती का गंदा पानी बहता नजर आया। जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव ने मार्ग को पूरी तरह से आवागमन के लिए असुरक्षित बना दिया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी इसी मार्ग पर जलभराव और गड्ढों के कारण एक कार फंसने की घटना सामने आ चुकी है। करीब 700 मीटर लंबा यह मार्ग अमृतपुर-बदायूं रोड से एक स्थानीय आवासीय क्षेत्र तक जाता है, जिसके दोनों ओर घनी आबादी निवास करती है। सड़क की जर्जर स्थिति के चलते राहगीरों, वाहन चालकों और विशेष रूप से स्कूली बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर बच्चों में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा तथा इसके साथ ही समुचित जल निकासी के लिए नाली निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे बस्ती का गंदा पानी सड़क पर न फैले और लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस सड़क के निर्माण को लेकर पूर्व में भी कई बार जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्य नहीं हो सका है। ऐसे में क्षेत्रवासियों की निगाहें अब विधायक के इस आश्वासन पर टिकी हुई हैं।
मौके पर कस्बावासी राम कृपाल शर्मा, डग्गी, प्रशांत अवस्थी, विकास पटवा, तानु सक्सेना, गौरव सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग को दोहराया।


