31.8 C
Lucknow
Tuesday, October 13, 2026

रोडवेज कर्मियों का प्रदर्शन, अवध बस स्टेशन पर संचालन प्रभावित; 16 अक्टूबर को फिर धरना

Must read

लखनऊ। कमता स्थित अवध बस स्टेशन पर रोडवेज चालक-परिचालकों के विरोध प्रदर्शन के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी निजी वाहनों के संचालन, आय की बाध्यता और वेतन से कटौती किए जाने का विरोध कर रहे हैं। प्रबंधन के साथ वार्ता में समस्याओं का समाधान नहीं निकलने पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने 16 अक्टूबर को फिर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
चालक-परिचालकों का आरोप है कि अवध बस स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने डायवर्जन किए जाने से परिवहन निगम की बसें यात्रियों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। उनका कहना है कि जिन स्थानों पर रोडवेज बसों को यात्रियों को लेने के लिए पहुंचना चाहिए, वहां निजी बसें और आर्टिका जैसी गाड़ियां संचालित हो रही हैं। इससे परिवहन निगम की आय प्रभावित हो रही है और कर्मचारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कर्मचारियों के मुताबिक, निर्धारित आय पूरी नहीं होने पर उनके वेतन से कटौती की जाती है। इसी के विरोध में वे 50 प्रतिशत आय की बाध्यता समाप्त करने और वेतन कटौती रोकने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि समस्याओं के समाधान के लिए कई बार अधिकारियों से बातचीत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश की अवध डिपो शाखा ने लंबित समस्याओं के समाधान और कर्मचारियों के खिलाफ कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाई रोकने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। शाखा अध्यक्ष सुरेश कुमार वर्मा और मंत्री कान्तेश कुमार शर्मा के अनुसार, मांगों को लेकर सात अक्तूबर 2026 को नोटिस दिया गया था। इसके बाद नौ अक्तूबर को प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई, लेकिन समस्याओं का निर्णायक समाधान नहीं निकला।
परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि 12 अक्तूबर को हुई दोबारा वार्ता में भी कर्मचारियों की समस्याओं और पूर्व में बनी सहमतियों के अनुपालन को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसी के चलते पूर्व घोषित आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
परिषद के अनुसार, 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आंदोलन से पहले या उसके दौरान किसी कर्मचारी के खिलाफ उत्पीड़नात्मक अथवा दमनात्मक कार्रवाई की गई तो उसका विरोध किया जाएगा। परिषद ने निगम प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र और न्यायसंगत समाधान करने तथा वार्ता में बनी सहमतियों को लागू करने की मांग की है। उधर, बसों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article