31.8 C
Lucknow
Tuesday, October 13, 2026

32 करोड़ की मॉर्फिन बरामद, बाराबंकी के दो युवक गिरफ्तार

Must read

लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 32 करोड़ रुपये कीमत की अवैध मॉर्फिन बरामद की है। पुलिस ने मौके से बाराबंकी निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन, दोपहिया वाहन और नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस अब मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
एसीपी बीनू सिंह के अनुसार, एएनटीएफ की लखनऊ यूनिट और दुबग्गा पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात करीब 11 बजे हरदोई रोड स्थित महिपत मऊ गांव में छापेमारी की। इस दौरान बाराबंकी जिले के कुर्सी थाना क्षेत्र के मोहसंद टिकैतगंज गांव निवासी जुहैल (25) और उसके साथी अमजद (22) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 6.400 किलोग्राम अवैध मॉर्फिन बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 32 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक मिस कारतूस भी बरामद किया गया। टीम को दो आईफोन और चार कीपैड मोबाइल फोन भी मिले हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक बाइक, एक स्कूटी और 16,170 रुपये नकद भी बरामद किए। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मॉर्फिन कहां से लाए थे और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। तस्करी के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से मिले हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article