लखनऊ। लखनऊ में 106 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड के दोनों ओर 500 मीटर के दायरे में नए निर्माण पर रोक लगाने की तैयारी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) इस क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करना चाहता है। इसके लिए 17 अक्तूबर को होने वाली एलडीए की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इस संबंध में आदेश जारी किया जा सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, आउटर रिंग रोड के आसपास निर्माण नियंत्रित करने का उद्देश्य हरियाली बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। प्रस्ताव लागू होने पर रिंग रोड के दोनों ओर निर्धारित क्षेत्र में नए निर्माण पर रोक लग सकती है।
बोर्ड बैठक में बंधा शुल्क यानी फ्लड स्टॉपेज चार्ज में 15 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसे मंजूरी मिलने पर एलडीए क्षेत्र में निर्माण संबंधी खर्च बढ़ सकता है और जमीनों के नक्शे पास कराने की लागत पर भी असर पड़ेगा। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में कुल 17 प्रमुख प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल बंधा क्षेत्रों में तीन श्रेणियों के तहत शुल्क वसूला जाता है। इसकी दरें 875 रुपये प्रति वर्ग मीटर से शुरू होती हैं। बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने, नए सेक्टरों के विकास और अवैध कॉलोनियों पर अंकुश लगाने से जुड़े प्रस्ताव भी रखे जाएंगे।
आउटर रिंग रोड के दोनों ओर 500 मीटर तक निर्माण पर रोक की तैयारी, ग्रीन बेल्ट बनेगी


