नवाबगंज। थाना क्षेत्र में संवेदनहीनता का एक मामला सामने आया है। नगर के मुख्य बाजार निवासी एक परिवार में किशोरी की मौत के बाद शोक का माहौल था, लेकिन पड़ोस में तेज आवाज में डीजे बजाए जाने का विरोध करने पर विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित परिवार ने पड़ोसी युवक और उसके साथियों पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार नगर के मुख्य बाजार निवासी जयवीर सिंह की 14 वर्षीय पुत्री का बीमारी के चलते मंगलवार को निधन हो गया। पुत्री की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ था और घर पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का आना-जाना लगा था। इसी दौरान पड़ोस में एक युवक द्वारा तेज आवाज में डीजे साउंड बजाया जा रहा था।
आरोप है कि जयवीर सिंह ने युवक से अपनी पुत्री के निधन की जानकारी देते हुए मानवीय आधार पर डीजे बंद करने का अनुरोध किया। लेकिन युवक ने डीजे बंद करने से इनकार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि इस बात को लेकर युवक और उसके साथियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
घटना के बाद जयवीर सिंह ने थाने पहुंचकर नामजद युवक के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


