27 C
Lucknow
Saturday, May 30, 2026

आगरा में आंधी-बारिश का कहर, दो की मौत, कई घायल, जिलेभर में भारी नुकसान

Must read

 

आगरा। तेज आंधी और बारिश ने शुक्रवार को आगरा में भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। जिलेभर में पेड़ गिरने, मकानों को नुकसान पहुंचने और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं।

शहर के बैप्टिस्ट स्कूल के पास तेज आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

वहीं पिनाहट क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान एक दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

ईधौन गांव में भी आंधी का कहर देखने को मिला, जहां एक पेड़ मकान पर गिर पड़ा। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर न्यू आगरा क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण एक टॉवर उखड़कर मकान की छत पर जा गिरा। इससे मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रशासन के अनुसार जिलेभर में कम से कम 18 स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचना प्राप्त हुई है। नगर निगम, विद्युत विभाग और आपदा राहत टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा पेड़ों और जर्जर भवनों से दूर रहने की अपील की है।

आंधी-बारिश ने एक बार फिर शहर की आपदा तैयारियों और पुराने पेड़ों व जर्जर संरचनाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article