एसडीआरएफ टीम तलाश में जुटी
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट पर गंगा में डूबे किशोर का छह दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। कानपुर से बुलाई गई एसडीआरएफ टीम लगातार गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक किशोर का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव निसाई निवासी राजीव कुमार का 16 वर्षीय पुत्र विक्रम छह दिन पूर्व भागवत कथा की विसर्जन सामग्री के साथ पांचाल घाट पहुंचा था। बताया गया कि गंगा स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।शुरुआत में स्थानीय गोताखोरों ने किशोर की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कानपुर से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने मोटर बोट और विशेष उपकरणों की मदद से लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन विक्रम का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
घटना के बाद प्रशासन ने गंगा में गहरे पानी वाले स्थानों पर लाल रंग की चेतावनी झंडियां लगवा दी हैं, ताकि श्रद्धालु खतरे वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। दर्वासा ऋषि आश्रम के सामने स्थित पांचाल घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। लोगों ने गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और स्थायी चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की है।


