कायमगंज/फर्रुखाबाद: सम्पूर्ण समाधान दिवस में आज रेवेन्यू बार एसोसिएशन तहसील कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद के अध्यक्ष विशेश्वर दयाल यादव एवं महासचिव अवनीश कुमार गंगवार के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर के दायरे में संचालित जन सेवा केंद्रों (CSC) को लेकर अधिकारियों के समक्ष शिकायत रखी है।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसील परिसर के दायरे में कुछ CSC (जन सेवा केंद्र) NIC के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं किए जा रहे हैं। शिकायत में तहसील परिसर के पीछे CSC संचालित करने वाले रोहित गंगवार पुत्र रणजीत, निवासी मीरपुर कमरुद्दीन नगर का भी उल्लेख किया गया है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील परिसर के पीछे वाला गेट बंद होने के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आरोप लगाया गया है कि तहसील परिसर के आसपास कथित रूप से दलालों के बैठने से आम फरियादियों को दिक्कत होती है और इससे दलालों को बढ़ावा मिल रहा है।
रेवेन्यू बार एसोसिएशन ने अधिकारियों से मांग की है कि तहसील परिसर के दायरे में NIC के निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किए जा रहे CSC केंद्रों की जांच कराई जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अधिवक्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर तहसील परिसर में व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने तथा आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से निजात दिलाने की मांग की है।


