33 C
Lucknow
Sunday, May 10, 2026

सिकंदरपुर गांव में वृद्ध की संदिग्ध आत्महत्या से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Must read

मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर में 82 वर्षीय वृद्ध द्वारा जामुन के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेत में पेड़ से शव लटका देखा तो तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान ग्राम सिकंदरपुर निवासी स्वर्गीय बड़े सिंह के पुत्र नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि उनका शव विष्णु दयाल के खेत में जामुन के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पुत्र उदय प्रताप ने बताया कि नरेंद्र सिंह के विरुद्ध वर्ष 1992 में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें वह वर्ष 2015 में जमानत पर रिहा हुए थे। उच्च न्यायालय के आदेश पर उन्हें 26 अप्रैल 2026 को सीजीएम कोर्ट में पेश होना था। परिजनों का कहना है कि इसी मामले के सिलसिले में पुलिस उनके घर पहुंची थी, जिसके बाद वह 14 मार्च को अपनी पुत्री रेखा के घर थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम चितायन, जनपद मैनपुरी चले गए थे।

परिवार के अनुसार 7 मई 2026 को नरेंद्र सिंह सुबह करीब 11 बजे अपनी पुत्री के घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर उनका सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों द्वारा शव देखे जाने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक अपने पीछे पत्नी मीना देवी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। बड़ा पुत्र अंकित विवाहित है जबकि छोटा पुत्र उदय प्रताप अविवाहित है। उप निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की पड़ताल कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article