33 C
Lucknow
Sunday, May 10, 2026

जिले की पुलिसिंग को टॉप लीड बनाने में जुटीं एसपी आरती सिंह

Must read

जिले की पुलिसिंग की ‘लेडी सिंघम’ बनीं एसपी आरती सिंह
– ताबड़तोड़ फेरबदल और विवेचनाओं में तेजी से अपराधियों में मचा हड़कंप
फर्रुखाबाद। जनपद में अब खाकी सिर्फ दिखाई नहीं दे रही, बल्कि एक्शन में गरजती भी नजर आ रही है। जिले की पुलिसिंग को टॉप मोड पर ले जाने के मिशन में जुटीं एसपी आरती सिंह ने ऐसा प्रशासनिक चक्रव्यूह रचा है कि अपराधियों, भूमाफियाओं, जुआ-सट्टा माफिया और अवैध कारोबारियों में खौफ साफ दिखाई देने लगा है।
थानों की सुस्त कार्यप्रणाली, बढ़ती शिकायतों और क्षेत्रीय ढिलाई पर एसपी ने सीधा प्रहार करते हुए ताबड़तोड़ फेरबदल कर पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। एक झटके में कई इंस्पेक्टरों और दरोगाओं के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए। संदेश बिल्कुल साफ है “अब या तो काम करो, या कुर्सी छोड़ो।”
राजेपुर थाना, जो पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाओं में था, वहां भी बड़ा बदलाव किया गया। निरीक्षक स्वदेश कुमार को हटाकर कोतवाली मोहम्मदाबाद भेजा गया, जबकि सरह चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नागेंद्र सिंह को राजेपुर थाने की कमान सौंप दी गई। इसके अलावा कई अन्य उपनिरीक्षकों की नई तैनाती कर थानों की पूरी रणनीति बदल दी गई है।
सूत्रों की मानें तो एसपी आरती सिंह पिछले कई दिनों से गुप्त फीडबैक ले रही थीं। कौन अधिकारी जनता की सुनवाई कर रहा है, कौन सिर्फ कुर्सी तोड़ रहा है, कौन अपराधियों से सख्ती दिखा रहा है और कहां ढिलाई हो रही है— हर बिंदु पर रिपोर्ट तैयार की गई। उसी रिपोर्ट के आधार पर यह बड़ा प्रशासनिक ऑपरेशन चलाया गया।
जिले में अब पुलिसिंग का नया फार्मूला लागू होता दिख रहा है “फील्ड में एक्टिव रहो, जनता से जुड़ो और अपराधियों पर दबाव बनाओ।” यही वजह है कि नई तैनाती में उन्हीं अधिकारियों को तरजीह मिली है जिनकी छवि तेज-तर्रार, दबंग और रिजल्ट देने वाली रही है।
एसपी आरती सिंह पहले ही अपराध समीक्षा बैठकों में साफ चेतावनी दे चुकी हैं कि जनता की शिकायतों में लापरवाही, भ्रष्टाचार या अपराधियों से सांठगांठ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब उनके फैसले यह साबित भी कर रहे हैं कि जिले में जीरो टॉलरेंस सिर्फ नारा नहीं, बल्कि जमीनी कार्रवाई का हिस्सा बन चुका है।
फर्रुखाबाद की सड़कों से लेकर थानों तक अब एक ही चर्चा है“मैडम एक्शन में हैं।”
पुलिस विभाग में भी यह संदेश गूंज रहा है कि आने वाले दिनों में गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर, भू-माफिया और अवैध धंधों से जुड़े चेहरों पर पुलिस का शिकंजा और कड़ा होने वाला है।खाकी के भीतर बढ़ा यह अनुशासन और बाहर अपराधियों में बढ़ा यह डर, जिले की बदलती पुलिसिंग की नई पटकथा लिखता दिखाई दे रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article