क्रासर
उफनाती गंगा में तेज बहाव के चलते तलाशी अभियान में आ रही बाधा, तीन बच्चों के पिता के लापता होने से परिवार में कोहराम
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। पत्नी से विवाद के बाद आक्रोशित होकर तीन बच्चों के पिता ने ढाईघाट स्थित गंगा पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। देर शाम अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा। शनिवार सुबह दोबारा गोताखोरों को गंगा में उतारा गया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
लापता युवक की पहचान राजा (35) पुत्र रामप्रकाश निवासी ग्राम इनायतपुर, थाना सुरसा, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि युवक की बहन शमशाबाद थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में ब्याही है। परिजनों के मुताबिक राजा दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता था और तीन बच्चों का पिता है। उसकी बड़ी बेटी रिया छह वर्ष तथा दूसरी बेटी आयुषी तीन वर्ष की है। करीब एक माह पूर्व उसके घर बेटे का जन्म हुआ था।
बताया गया कि रक्षाबंधन से कुछ दिन पहले राजा अपने घर आया था। इसी दौरान पत्नी विनीता देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद नाराज होकर वह शमशाबाद क्षेत्र के भगवानपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर पहुंच गया। वहां से वह अपने चचेरे बहनोई राम कुमार के साथ पैतृक गांव इनायतपुर गया, जहां दोबारा विवाद होने की बात सामने आई।
इसके बाद राजा रिश्तेदार के साथ ढाईघाट शमशाबाद पहुंचा। यहां गंगा पुल पर पहुंचने के बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई गई।
इन दिनों गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी में तेज बहाव के साथ चारों ओर जलसैलाब की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में गोताखोरों को तलाशी अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को पूरे दिन तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
राजा तीन बहनों का इकलौता भाई बताया जा रहा है। घटना के बाद पिता रामप्रकाश और मां माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन गंगा में लापता राजा के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार में मायूसी का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश लगातार जारी है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने गंगा में लगाई छलांग, दूसरे दिन भी तलाश जारी


