लखनऊ। राजधानी में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर असलहों से लैस बदमाशों ने उबर कैब को रोककर फायरिंग की और महिला यात्री से करीब पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रंजीता गोस्वामी अपने तीन परिचितों के साथ उबर कैब से घर जा रही थीं। इसी दौरान लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी को जबरन रुकवा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास असलहे मौजूद थे।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले कैब को ओवरटेक कर रोका और फिर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कैब में सवार लोग घबरा गए। इसके बाद बदमाशों ने महिला के पास मौजूद करीब पांच लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस हाईवे पर लगे सर्विलांस कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
राजधानी के व्यस्त हाईवे पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फायरिंग और लूट की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। लूट और फायरिंग में शामिल बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


