मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के नगला मलू गांव निवासी सनोज कुमार ने अपने बड़े भाई मनोज कुमार, सुनीता पत्नी मनोज कुमार, सौम्या और नीलेश के खिलाफ पत्नी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।
तहरीर के अनुसार 12 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे सनोज कुमार की पत्नी संगीता घर पर काम कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसका बड़ा भाई मनोज कुमार घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों व लाठी-डंडों से मारपीट करने लगा। मारपीट में संगीता के शरीर में चोटें आईं।
आरोप है कि इसके बाद मनोज कुमार अपनी पत्नी सुनीता देवी, बेटी सौम्या और बेटे नीलेश के साथ मिलकर संगीता से गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सौम्या ने संगीता का गला दबाते हुए किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


