फर्रुखाबाद। थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला तलैया फतेह अली इमाम निवासी एक 49 वर्षीय अधेड़ के तीन दिन से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अशोक गुप्ता पुत्र पुरुषोत्तम नारायण गुप्ता ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई अनुपम गुप्ता (49 वर्ष) 23 जून को घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिवार ने रिश्तेदारों व परिचितों सहित संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका।
तहरीर में यह भी बताया गया है कि अनुपम गुप्ता घर से जाते समय अपना मोबाइल फोन भी साथ नहीं ले गए थे, जिससे उनसे संपर्क करना संभव नहीं हो पा रहा है। इस कारण परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर अनुपम गुप्ता की तलाश शुरू करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


