अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस एवं जेनेवा कन्वेंशन दिवस पर रेड क्रॉस ने समाजसेवी युवाओं और रक्तवीरों को किया सम्मानित
फर्रुखाबाद। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस एवं जेनेवा कन्वेंशन दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा फर्रुखाबाद की ओर से समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं तथा कारगिल शहीदों को समर्पित रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर रहे। अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के साथ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट , ब्लड डोनेशन कैंप एवं फ्री मेडिकल कम्पनी में सक्रिय सहभागिता करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सम्मान में रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि “युवा ही देश का भविष्य हैं। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे समाज सेवा के कार्य सराहनीय हैं। रक्तदान महादान है।” उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान की एक ऐसी श्रृंखला बनाई जाए, जिसमें लोग निरंतर स्वेच्छा से रक्तदान करते रहें। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा और अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति शीश मेहरोत्रा ने जेनेवा कन्वेंशन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस मानवता, करुणा और युद्ध की परिस्थितियों में भी घायलों तथा आम नागरिकों की रक्षा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी इसी मानवीय भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में उपसभापति डॉ. नावेद अलीम, अनुराधा सक्सेना, डॉ. अरविंद गुप्ता, योगाचार्य अमित सक्सेना, कौशल्या गिरी एवं सचिव आकाश चतुर्वेदी सहित रेड क्रॉस के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।
निशांत तिवारी, मीडिया प्रभारी एवं अमित सक्सेना, एग्जीक्यूटिव मेंबर, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा फर्रुखाबाद।


