अयोध्या: कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) गोसाईंगंज के हैदरगंज में एक जनसभा को संबोधित करने अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को लेकर बड़ा बयान देकर सियासी पारा बढ़ा दिया। अजय राय ने भाजपा (BJP) और आरआरएस (RSS) पर हमला बोलते हुए राम मंदिर को कमाई करने का जरिया बताया है।
अजय राय ने कहा कि राम मंदिर आस्था का केंद्र है, मैनेजमेंट कंपनी नहीं. वहां CEO की नहीं, धर्माचार्य की नियुक्ति होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा और RSS पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राम मंदिर को कमाई का जरिया बना लिया गया है। सरकार मंदिर को आय का माध्यम न बनाए. मंदिर में आने वाले चढ़ावे की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए।
आगे अजय राय ने कहा कि गिनने वाले तो जेल चले गए, लेकिन गिनवाने वाले क्यों नहीं गए?” मंदिर ट्रस्ट से जुड़े नृपेंद्र मिश्रा, चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोविंद देवगिरी और गोपाल राव के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. मंदिर का सारा पैसा RSS के खाते में जा रहा है।
अजय राय ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में राम मंदिर चढ़ावा चोरी एक प्रमुख चुनावी मुद्दा होगा। इसके अलावा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, उनके भविष्य से खिलवाड़ और प्रदेश की कानून-व्यवस्था भी चुनावी मुद्दा बनेगी। योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने गोरखपुर में हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया और पूछा – “कहां है जीरो टॉलरेंस?”


