32 C
Lucknow
Saturday, May 9, 2026

बैंक से एटीएम लेने निकली युवती लापता, पिता ने कई लोगों पर बहला-फुसलाकर भगाने का लगाया आरोप

Must read

फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने कई लोगों पर बहला-फुसलाकर अपनी पुत्री को भगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर परिवार में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला जाफरी निवासी रामकुमार उर्फ गोपू पुत्र स्वर्गीय रामप्रकाश बार एसोसिएशन फतेहगढ़ में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ बार एसोसिएशन परिसर में ही रहते हैं। पीड़ित पिता के अनुसार उनकी लगभग 21 वर्षीय पुत्री सुहानी बीते 05 मई 2026 को दिन में करीब 11 बजे घर से यह कहकर निकली थी कि वह फतेहगढ़ चौराहा स्थित बैंक से एटीएम लेने जा रही है।
परिजनों का कहना है कि शाम तक युवती घर वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं लग सका। काफी खोजबीन के बाद भी जब बेटी का पता नहीं चला तो पिता ने पुलिस की शरण ली।
पीड़ित रामकुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को अरुण कुमार पुत्र अर्जुन सिंह निवासी ग्राम हरियारा, उसका बहनोई ब्रजेश निवासी ग्राम टिलिया थाना कायमगंज, अरुण की बहन गीता एवं उसके पति अजय कुमार निवासी ग्राम अगंदपुर थाना अलीगंज जिला एटा तथा दूसरी बहन आरती एवं उसके पति सुमित निवासी कम्पिल बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि युवती घर से जाते समय एक सोने की जंजीर, एक सोने की अंगूठी और लगभग सात हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। पिता ने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर उनकी पुत्री को ले जाने का शक है, वे दबंग प्रवृत्ति के हैं और उनकी बेटी के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित लोगों की तलाश में जुट गई है और युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन जल्द से जल्द युवती की सकुशल वापसी की मांग कर रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article