27.4 C
Lucknow
Saturday, October 10, 2026

जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 70 फील्ड ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण

Must read

 

– 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
– डिजिटल माध्यम से जुटाए जाएंगे आंकड़े

फर्रुखाबाद। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें तीन मास्टर ट्रेनरों ने 70 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की निर्धारित प्रक्रिया और डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़े कार्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिला जनगणना प्रभारी परखी भार्गव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद फर्रुखाबाद में जनसंख्या गणना के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना कराई जाएगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर आमजन की गणना करेंगे। वहीं, 4 जनवरी 2027 को शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक बेघर लोगों की गणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनरों को पीई एप के माध्यम से डिजिटल रूप में जनगणना संबंधी जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर गृहस्वामियों और परिवार के सदस्यों से निर्धारित 40 प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करेंगे।
अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षित होना तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान सही एवं विश्वसनीय आंकड़े एकत्र किए जाएं और निर्धारित प्रक्रिया का गंभीरता से पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों के निर्धारण तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी एसपी सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article