फर्रुखाबाद। शहर के पॉश इलाके जय नारायण वर्मा रोड स्थित गमा देवी मंदिर के पास चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। अज्ञात चोरों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार जय नारायण वर्मा रोड निवासी अनुज कुमार सिंह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात जब उनका घर खाली पड़ा था, तभी चोरों ने मौके का फायदा उठाया। बताया जा रहा है कि चोर पहले मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और फिर कमरों में रखी अलमारी का लॉक तोड़ते हुए उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी गए सामान में सोने के जेवरों में एक हार, एक मंगलसूत्र, चार अंगूठियां और दो जोड़ी कुंडल शामिल हैं। वहीं चांदी के जेवरों में दो जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछुआ चोरी होने की बात सामने आई है। इसके अलावा चोर घर में रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गए। परिवार के अनुसार घर की महिलाएं अभी बाहर हैं, उनके लौटने के बाद ही अन्य सामान की सही जानकारी हो सकेगी। आशंका जताई जा रही है कि चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये में हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घर के अंदर और बाहर से फिंगरप्रिंट्स सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति घटना स्थल के आसपास से भागता हुआ दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के पॉश इलाके में इस तरह की बड़ी चोरी होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
पॉश इलाके में लाखों की चोरी, बंद मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी ले उड़े चोर


