– किसानों को किया सम्मानित
– बड़ी संख्या में बुलाये गए इलाके के किसान
– स्थानीय विधायक नागेंद्र सिंह राठौर रहे अनुपस्थित
फर्रुखाबाद। प्रदेश सरकार की प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की मुहिम के तहत भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन कमालगंज क्षेत्र स्थित मधुवन रिसॉर्ट में किया गया, जहां किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में राज्य के पर्यटन और संस्कृति मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत घटेगी, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार सहयोग कर रही है।
कार्यशाला के दौरान कृषि विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। प्रदर्शनी में कृषि यंत्रों, जैविक उत्पादों, प्राकृतिक खेती की तकनीकों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी किसानों को दी गई। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर कृषि विभाग के उपनिदेशक अरविंद मोहन मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी,डीएम डॉ अंकुर लाठर, एसपी आरती सिंह,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन बनाने और किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक खेती इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक लाभ के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिलेगा। क्रम में स्थानीय विधायक नागेंद्र सिंह राठौर की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही, बताया गया कि वह जिले से बाहर हैं।


