अमेठी: अमेठी के सलमान खान (Salman Khan) ने एशियन गेम्स 2026 (Asian Games) में रोइंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। जापान के नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय रोइंग टीम का हिस्सा रहे सलमान ने यह उपलब्धि हासिल की. सलमान की सफलता की खबर से अमेठी में खुशी का माहौल है। जिले के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई दी है।
सलमान खान अमेठी के तिलोई क्षेत्र के पूरे सिंगई खेरौना गांव के रहने वाले हैं। वह किसान परिवार से आते हैं और कासिम खान एवं जबुरन्निशा के पुत्र हैं। सलमान ने अपनी सफलता का श्रेय भारतीय सेना में सूबेदार और अंतरराष्ट्रीय रोइंग खिलाड़ी एवं कोच मोहम्मद आजाद को दिया है। सुल्तानपुर निवासी मोहम्मद आजाद के मार्गदर्शन में उन्होंने खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई।
सलमान खान के कांस्य पदक जीतने पर जिला खेल कार्यालय, अमेठी के साथ खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने खुशी जताई। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा, कनिष्ठ सहायक शिवकुमार मौर्य और अंतरराष्ट्रीय एथलीट सूबेदार राहुल पाल समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी। इनके अलावा राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. अब्दुल हमीद, खेल प्रशिक्षक मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद नदीम, प्रांतीय खिलाड़ी राजेश कनौजिया, पंकज दूबे, शहादत, राकेश कश्यप, महेंद्र पाल और मोहम्मद शकील ने भी सलमान की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानाचार्य रवेन्द्र सिंह और जीतेंद्र कुमार समेत अन्य लोगों ने भी सलमान खान को शुभकामनाएं दीं।
उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने सलमान खान की सफलता को अमेठी के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में रोइंग के प्रति रुचि बढ़ेगी और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का उत्साह मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अमेठी के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।


