29.9 C
Lucknow
Sunday, August 9, 2026

लखनऊ में खौफनाक वारदात ! दोस्तों संग ‘पार्टी’ करने निकला था युवक, सुबह दरवाजे पर मिला शव

Must read

लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) में फैजुल्लागंज (Faizullaganj) स्थित मामा कॉलोनी में शनिवार रात 26 वर्षीय शुभम सोनी की मौत के मामले में परिवार ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। शुभम घर के बाहर अचेत अवस्था में मिला था। परिवारजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां मालती ने आरोप लगाया है कि शुभम के दोस्तों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को घर के बाहर लाकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, मामा कॉलोनी निवासी शुभम सोनी ड्राइवरी करता था। उसकी मां के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात बजे शुभम के दोस्त शिवम, सुमित और मथुरा उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। देर रात शुभम घर के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिवार का आरोप है कि दोस्तों ने शुभम को शराब पिलाने के बाद उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला किया। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इंस्पेक्टर के अनुसार, परिवारजन की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। चाकूबाजी और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होने के बाद उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवारजन ने पुलिस को बताया कि शुभम का दोस्तों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के संबंध में दोस्तों ने उसे बातचीत के लिए बुलाया था। परिजनों के मुताबिक, घर से निकलते समय शुभम ने कुछ देर में वापस आने की बात कही थी। परिवार का कहना है कि अगर उन्हें घटना का अंदाजा होता तो वे उसे घर से बाहर नहीं जाने देते। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे मामले की जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article