21.8 C
Lucknow
Friday, September 25, 2026

एशियन गेम्स में भारत को छठे दिन 6 पदक, बरानिका ने रचा इतिहास, गुलवीर ने जीता रजत

Must read

 

नागोया। एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के छठे दिन भारत ने एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य समेत कुल छह पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 23 हो गई है। बरानिका एलांगोवन ने महिलाओं की पोल वॉल्ट में कांस्य पदक जीतकर इस स्पर्धा में भारत को एशियन गेम्स का पहला पदक दिलाया।

बरानिका ने 4.15 मीटर की ऊंचाई पार कर कांस्य पदक अपने नाम किया। कजाकिस्तान की पोलिना इवानोवा ने भी इतनी ही ऊंचाई पार की और समान प्रदर्शन के कारण दोनों को संयुक्त रूप से कांस्य मिला। बरानिका की इस उपलब्धि के साथ एथलेटिक्स में भारत के खाते में एक ऐतिहासिक पदक जुड़ गया।

पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने रजत पदक जीता। उन्होंने 28 मिनट 29.38 सेकेंड में दौड़ पूरी की। गुलवीर ने इससे पहले 2023 के एशियन गेम्स में इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन को बेहतर करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।

निशानेबाजी में सुरुचि इंदर सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए। वहीं 50 मीटर राइफल तीन स्थिति की टीम स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार ने 1762 अंक के साथ रजत पदक जीता।

महिलाओं की गोला फेंक स्पर्धा में मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक हासिल किया। वहीं टेबल टेनिस की मिश्रित युगल स्पर्धा में मनुष शाह और दिया चितले ने सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद कांस्य पदक पक्का किया। सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी को चीन की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा।

कबड्डी में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय महिला टीम ने नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि पुरुष टीम ने थाईलैंड को 66-27 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया। महिला हॉकी टीम ने जापान को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। स्क्वॉश में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की मिश्रित युगल जोड़ी ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत का एक और पदक सुनिश्चित कर दिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article