फर्रुखाबाद। जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच लगातार तीसरे दिन सोमवार को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में सुबह 7 बजे से ही अभ्यर्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जबकि निर्धारित समय सुबह 8 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई।
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की गई। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से सघन तलाशी ली गई और इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन कराकर ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगातार निगरानी में जुटे रहे।
इस भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित अभ्यर्थियों ने भी भाग लिया। पोस्ट ग्रेजुएशन और बीएड जैसे डिग्रीधारी अभ्यर्थियों ने बताया कि वर्तमान समय में सरकारी नौकरी की चाहत और रोजगार की सीमित संभावनाओं के चलते वे इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
जनपद के अलावा इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर और कन्नौज सहित आसपास के जिलों से भी अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। दूरदराज से आने वाले कई अभ्यर्थी एक दिन पहले ही फर्रुखाबाद पहुंच गए थे और उन्होंने रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस स्टैंड पर रात्रि विश्राम किया।
परीक्षा की निगरानी के लिए पुलिस लाइन में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


