42 C
Lucknow
Monday, April 20, 2026

आगरा होटल हत्याकांड: ब्लैकमेलिंग से तंग महिला ने रिश्ते के मामा की ली जान, पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासे

Must read

आगरा में एक होटल के कमरे में हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिला दिया है। यहां एक महिला ने अपने रिश्ते के मामा की हत्या कर दी, जिसके बाद वह बिना किसी अफसोस के पुलिस पूछताछ में अपनी बात दोहराती रही कि यदि वह उसे नहीं मारती तो आरोपी उसके साथ गलत हरकत करता। यह मामला ब्लैकमेलिंग और यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने बताया कि मृतक उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था और बार-बार मिलने के लिए दबाव डालता था। महिला का आरोप है कि उसने पहले भी होटल में बुलाकर उसके साथ गलत हरकत की थी और अब पति को फोटो और वीडियो दिखाने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।

एसीपी सैंया डॉ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि शुरुआत में महिला कुछ भी बताने से बच रही थी, लेकिन गहन पूछताछ के बाद उसने पूरी घटना स्वीकार की। जांच में पता चला कि वह पहले से तैयारी करके होटल आई थी और अपने बैग में सर्जिकल ब्लेड, हथौड़ा और पेपर स्प्रे लेकर पहुंची थी। इसी हथियारों से उसने वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद महिला ने कथित तौर पर होटल की छत पर जाकर अपना मोबाइल फोन हथौड़े से तोड़ दिया, जिसमें मृतक के साथ उसके फोटो और वीडियो होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने सर्जिकल ब्लेड, हथौड़ा और अन्य सामान बरामद कर लिया है। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज भी जांच के लिए कब्जे में ले लिए गए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला दो बच्चों की मां है और उसकी शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उसका पति मजदूरी करता है। वहीं मृतक, जो रिश्ते में मामा बताया जा रहा है, टाइल्स लगाने का काम करता था और अक्सर महिला से मिलने आता था। परिवार ने इस रिश्ते और विवाद की जानकारी से इनकार किया है।

पुलिस अब इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें ब्लैकमेलिंग, यौन शोषण और पूर्व में हुई घटनाओं की पुष्टि शामिल है। साथ ही होटल में होने वाली गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक सच्चाई सामने आएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article