विरासत और विकास दोनों का विरोध करती है विपक्षी जोड़ी
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि रामलला का भव्य मंदिर बनने और अयोध्या के तेजी से बदलते स्वरूप से सपा-कांग्रेस के लोग भौचक हैं। दुनिया राम के प्रति विभोर है, जबकि विपक्ष के यहां अब भी वीरानी छाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष यह समझ नहीं पा रहा कि अयोध्या में राम मंदिर कैसे बन गया, सड़कें कैसे चौड़ी हो गईं, रेलवे स्टेशन का विकास कैसे हो गया और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कैसे बन गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, रामभक्तों पर गोली चलवाई और अदालत में मंदिर के विरोध में वकीलों की फौज खड़ी की।
योगी ने कहा कि करीब दस वर्ष पहले अयोध्या में बिजली, सड़क, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं का अभाव था। विश्व प्रसिद्ध धाम को बमुश्किल तीन घंटे बिजली मिलती थी। सरकार ने अयोध्या के विकास के लिए सड़कों के चौड़ीकरण, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं पर काम शुरू किया तो उनका भी विरोध किया गया।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग भगवान राम की विरासत और अयोध्या के विकास, दोनों का विरोध करते रहे, वे आज बदली हुई अयोध्या को देखकर हैरान हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या अब धार्मिक आस्था के साथ विकास और आधुनिक सुविधाओं के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रही है।


