40.9 C
Lucknow
Friday, June 5, 2026

पत्नी और बेटे पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप

Must read

 

नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम बघौना में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। गांव निवासी रामकुमार शाक्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मृतक की पत्नी अनुपम और पुत्र अनुराग पर डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

बताया गया कि रामकुमार शाक्य लंबे समय से शराब के नशे का आदी था। परिजनों के अनुसार उसकी शराबखोरी के कारण परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक रामकुमार ने पूर्व में अपनी कई कृषि संपत्तियां और कृषि उपकरण भी बेच दिए थे, जिससे परिवार में लगातार तनाव बना रहता था।

जानकारी के अनुसार रामकुमार ने घटना वाले दिन एक भैंस बेचकर प्राप्त धनराशि में से कुछ रुपये लेकर शराब पी। देर रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा, जहां विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी अनुपम ने डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी, जबकि पुत्र अनुराग ने भी मारपीट की। बताया जाता है कि छोटा पुत्र भोला अपने पिता को बचाने का प्रयास करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका।

ग्रामीणों का कहना है कि अत्यधिक नशे की हालत में होने के कारण रामकुमार विरोध तक नहीं कर सका। मारपीट के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक के छोटे भाई आकाश ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक रामकुमार का विवाह वर्ष 2008 में जनपद एटा के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र स्थित ग्राम गढ़िया हरवे निवासी श्रीकृष्ण की पुत्री अनुपम से हुआ था। उनके दो पुत्र अनुराग और भोला हैं।

मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान हरवेंद्र शाक्य उर्फ लहौरे भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और लोग इस दुखद घटनाक्रम को नशे की लत से जुड़े पारिवारिक विघटन का परिणाम मान रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article