कमालगंज। आजाद नगर, कमालगंज में केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दवा व्यापार से जुड़े लोगों की समस्याओं, संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से कमालगंज क्षेत्र में संगठन को नया और मजबूत स्वरूप प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों की सहमति से संगठन के पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें अजय बिश्नोई को संयोजक, मंजीत चौरसिया को अध्यक्ष, दिलीप बिश्नोई को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शिवम दुबे को महामंत्री, असगर खान को मंत्री, संजीव बिश्नोई को कोषाध्यक्ष तथा मोहम्मद मुजीब उर्फ बबलू को प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को बैठक में उपस्थित सदस्यों ने शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन को मजबूत बनाने और दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। साथ ही कहा गया कि संगठन के माध्यम से क्षेत्र के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण रहा। संगठन के पदाधिकारियों ने सभी दवा व्यापारियों से संगठन से जुड़कर इसे मजबूत बनाने की अपील की।
केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन एसोसिएशन की बैठक में हुआ कमालगंज इकाई का गठन


