– सीएम से मिले सदर विधायक
– बुधवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने सौंपा पत्र
– सदर और अमृतपुर मे बढ़े सर्किल रेट के आधार पर भुगतान की मांग
लखनऊ/फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए भूमि देने वाले किसानों को पुराने और नए सर्किल रेट के अंतर की धनराशि दिलाने की मांग को लेकर फर्रुखाबाद सदर विधायक एवं विधानसभा की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति के सभापति मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बुधवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा।
विधायक ने मुख्यमंत्री को दिए पत्र में बताया कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए किसानों की काश्तकारी भूमि का बैनामा तत्कालीन प्रभावी सर्किल रेट के आधार पर कराया गया था। किसानों की लगातार मांग के बाद सर्किल रेट का पुनरीक्षण किया गया और नवीन सर्किल रेट 9 मई 2026 से प्रभावी हुआ। इसके बाद इसी श्रेणी की भूमि की खरीद बढ़े हुए सर्किल रेट पर की गई।
इससे पहले पुराने सर्किल रेट पर बैनामा करने वाले किसानों को उसी श्रेणी की भूमि के लिए बाद में हुए बढ़े हुए सर्किल रेट के मुकाबले कम मुआवजा प्राप्त हुआ। विधायक ने मुख्यमंत्री से ऐसे किसानों को पुराने और संशोधित सर्किल रेट के बीच की अंतर धनराशि दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।
पत्र में जिक्र है कि, इस मामले में तहसील अमृतपुर के 316 किसान, 23.5084 हेक्टेयर और तहसील सदर के 540 किसान, 43.4948 हेक्टेयर भूमि से संबंधित हैं। यानी कुल 856 किसान और 67.0032 हेक्टेयर भूमि प्रभावित है।
मेजर द्विवेदी ने कहा कि जिन किसानों की भूमि का बैनामा बढ़े हुए सर्किल रेट लागू होने से पहले पुराने रेट पर कराया गया, उन्हें बाद में निर्धारित संशोधित दर के अनुसार अंतर धनराशि दिलाई जानी चाहिए। मुख्यमंत्री से इस संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।


