40 C
Lucknow
Monday, May 25, 2026

नौतपा का कहर: कहीं लू से झुलसता जनजीवन, कहीं बारिश-आंधी का अलर्ट

Must read

उत्तर प्रदेश में मौसम ने इन दिनों दोहरे तेवर दिखा दिए हैं। नौतपा की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। वहीं तराई और पूर्वांचल के इलाकों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं, जिससे मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 10 जिलों में लू का रेड अलर्ट और 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 14 जिलों में तेज आंधी और हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस बदलाव ने लोगों को एक ओर गर्मी से जूझने और दूसरी ओर मौसम की अनिश्चितता का सामना करने पर मजबूर कर दिया है।

रविवार को बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के जिलों में गर्मी का असर चरम पर रहा। बांदा में तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक दर्ज तापमान रहा। प्रयागराज, झांसी, उरई और आगरा जैसे शहरों में भी पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे दिनभर सड़कें सुनसान और जनजीवन प्रभावित रहा।

नौतपा के इस दौर में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जबकि कुछ इलाकों में अचानक मौसम बदलने से आंधी-बारिश की स्थिति भी बनी रह सकती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article