27 C
Lucknow
Saturday, October 10, 2026

थाने से 100 मीटर दूर पर बड़ी डकैती ! हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटे सोने-चांदी के जेवर

Must read

सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां (Saraikela-Kharsawan) जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर बस स्टैंड के पास पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में 7-8 हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों (masked criminals) ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बनाया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, वारदात शुक्रवार देर रात करीब एक से ढाई बजे के बीच हुई। चेहरे पर गमछा बांधे 7-8 अपराधी मुख्य रास्ते से सुरेश चौधरी के घर में घुसे। घर के भीतर पहुंचते ही उन्होंने परिजनों पर बंदूक और धारदार हथियार तान दिए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली और वहां रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू की।

पीड़ित सुरेश चौधरी के बेटे उमंग चौधरी ने बताया कि उनके पिता पहले चांडिल बाजार में आभूषण का कारोबार करते थे। हालांकि, कुछ साल पहले कारोबार बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद परिवार के आभूषण घर में रखे हुए थे। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। ऐसे में अंधेरे के बीच उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।

चांडिल थाने से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात के बाद स्थानीय कारोबारियों और निवासियों में नाराजगी और भय का माहौल है। सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी संतन तिवारी के मुताबिक, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

डकैती की घटना के बीच स्थानीय पत्रकार प्रकाश कुमार ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। घटना के बाद गली से गुजरते समय उन्हें जमीन पर सोने की एक चेन मिली, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। प्रकाश कुमार ने बिना देर किए चेन पीड़ित उमंग चौधरी को सौंप दी। इस पर परिवार ने उनका आभार जताया। एक ओर जहां डकैती की वारदात से इलाके में भय और आक्रोश है, वहीं पत्रकार की इस पहल की चर्चा भी हो रही है। पुलिस अब लूटे गए आभूषणों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article