-तापमान 43.8 डिग्री तक पहुंचा, 25 अप्रैल तक राहत के आसार नहीं, 26 से मौसम में बदलाव की संभावना
लखनऊ
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को बुंदेलखंड सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्म हवाओं और झुलसाने वाली धूप ने जनजीवन को प्रभावित किया। इस दौरान बांदा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा और देश में तीसरे स्थान पर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को प्रदेश के 22 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि 25 अप्रैल तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और लू का दायरा और अधिक जिलों तक फैल सकता है। फिलहाल अगले दो दिनों तक राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
बुधवार को बांदा में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज 43.7 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। झांसी, चित्रकूट और आसपास के क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कें लगभग सुनसान नजर आईं।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 24 और 25 अप्रैल को लखनऊ सहित कई जिलों में लू चलने की चेतावनी है। राजधानी में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है और बुधवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई।
प्रदेश के जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अवध क्षेत्र के कई जिले शामिल हैं। इन इलाकों में लोगों को दोपहर के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
हालांकि मौसम विभाग ने राहत की संभावना भी जताई है। विशेषज्ञों के अनुसार, 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और पश्चिमी यूपी तथा तराई क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।


