शमशाबाद, फर्रुखाबाद। एवी इंटर कॉलेज शमशाबाद के विद्यालय प्रांगण में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार गुप्ता ने की। इस दौरान जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय की खेल प्रतिभाओं की भी सराहना की गई। विद्यालय की टीम ने अंडर-19 कबड्डी प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं वालीबाल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने जनपद स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। दोनों प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में कनौजिया बालिका इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में भी एवी इंटर कॉलेज के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें कक्षा नौ के छात्र आशीष कुमार और शरद कुमार का चयन जनपद स्तर के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताई। वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र अंशुल ने जनपद स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार गुप्ता ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, विज्ञान, कला और साहित्य जैसी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार, अरविंद कुमार, सुनील प्रसाद, तेज रणवीर सिंह, अजय कुमार सिंह, अनिल कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया और उनकी
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मिली शील्ड, विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह


