38.7 C
Lucknow
Tuesday, July 14, 2026

गंगा का बढ़ता जलस्तर बना चिंता का कारण, बाघार नाला उफान पर

Must read

– धारा नगला–भोला नगला मार्ग पर मंडराया खतरा

फर्रुखाबाद। कमालगंज क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से जनजीवन पर असर पड़ने लगा है। धारा नगला से भोला नगला को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित बाघार नाला उफान पर आ गया है। नाले में तेजी से बढ़ते पानी को देखते हुए ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि गंगा का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो सकता है, जिससे कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो जाएगा।

धारा नगला–भोला नगला मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। बरसात के दौरान बाघार नाले का जलस्तर बढ़ने पर यहां आवागमन अक्सर बाधित हो जाता है। ऐसे में स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मार्ग बंद होने की स्थिति में लोगों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है।

ग्रामीण मैंकू लाल, मलखान, दिया राम, पन्नालाल और ओमवीर ने बताया कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाघार नाले में पानी तेजी से चढ़ रहा है। उनका कहना है कि यदि जलस्तर में और वृद्धि हुई तो सड़क पर पानी भर जाएगा और आवागमन पूरी तरह ठप हो सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और संभावित खतरे को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को समय रहते अलर्ट करने की भी मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते एहतियाती कदम उठाए जाने से किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सकता है। वहीं प्रशासन भी गंगा के बढ़ते जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article