शमशाबाद, फर्रुखाबाद। ढाईघाट शमशाबाद में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से तराई और कटरी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। खेत-खलिहानों में भरा पानी अब आबादी वाले इलाकों तक पहुंच गया है। बाढ़ के पानी के कारण विद्युत विभाग ने एहतियातन कई फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे करीब 45 गांव अंधेरे में डूब गए हैं और सैकड़ों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि विद्युत उपकेंद्र हुसैनपुर तराई से संचालित चंपतपुर फीडर से जुड़े करीब 25 गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है। सुरक्षा की दृष्टि से इस फीडर की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। इसी तरह संतोषपुर और चिलसरा फीडर से जुड़े करीब 20 गांवों की बिजली भी बंद कर दी गई है।
अवर अभियंता जुनेद आलम ने बताया कि गंगा में बाढ़ के कारण कई गांवों में पानी भर गया है। ऐसे में विद्युत आपूर्ति चालू रहने पर करंट फैलने से हादसे की आशंका बनी हुई थी। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए तीनों फीडरों की सप्लाई बंद की गई है। उन्होंने बताया कि बाढ़ का पानी कम होने और स्थिति सामान्य होते ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उधर, बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पेयजल की समस्या के साथ ही रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बाढ़ की स्थिति जल्द सामान्य होने और विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने की उम्मीद जताई है।
गंगा कटरी क्षेत्र में बाढ़ का सैलाब, 45 से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप


