28 C
Lucknow
Wednesday, August 26, 2026

बाढ़ के पानी में डूबा भगवानपुर मुख्य मार्ग, 20 गांवों का संपर्क टूटा, प्रशासन ने लगवाए दो स्टीमर

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। ढाईघाट शमशाबाद गंगा कटरी क्षेत्र में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शमशाबाद-शाहजहांपुर मुख्य मार्ग पर चौरा गांव के सामने बाढ़ का पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो गया है। वहीं चौरा चौराहे से भगवानपुर की ओर जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग इस्लामनगर गांव से पहले तेज बहाव के चलते कट गया। इससे भगवानपुर क्षेत्र के करीब 20 गांवों का मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर पानी का बहाव इतना तेज है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद है। मार्ग कटने से स्कूली बच्चों, किसानों और दैनिक मजदूरी के लिए जाने वाले लोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजी-रोटी के लिए उन्हें पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए मौके पर दो स्टीमर लगवाए हैं। क्षेत्रीय लेखपाल पंकज सिंह ने बताया कि चौरा गांव के सामने अधिक जलभराव वाले स्थान से लेकर भगवानपुर मार्ग पर सड़क कटने वाले स्थान तक लोगों को स्टीमर के माध्यम से आवागमन कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टीमर की सुविधा पूरी तरह निशुल्क रहेगी और इसके लिए ग्रामीणों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
प्रशासन की इस व्यवस्था से बाढ़ प्रभावित करीब 20 गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव वाले पानी से होकर आने-जाने को मजबूर थे। स्टीमर संचालन शुरू होने से ग्रामीणों का आवागमन अपेक्षाकृत सुरक्षित हो सकेगा और जरूरी कामों के लिए आवाजाही में राहत मिलेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article